केरल में शुक्रवार को कोरोनावायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए। इनमें 5 ब्रिटिश नागरिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने बताया कि राज्य में संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है। राज्य में 7 विदेशी भी संक्रमित हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भी दो केस सामने आए हैं। इसके साथ देश में संक्रमण के 244 मामले हो गए हैं। इससे पहले राजस्थान में 8 मामलों की पुष्टि हुई। उधर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सभी मॉल बंद कर दिए गए। दिल्ली में ग्रॉसरी, मेडिकल और वेजिटेबल शॉप खुली रहेंगी। रविवार को जनता कर्फ्यू के तहत दिल्ली मेट्रो और हरियाणा में बस सर्विस बंद रहेगी। वहीं, देशभर में 22 घंटे पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलेंगी। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के चार शहरों मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन कर दिया गया है।
हालांकि, महाराष्ट्र में जरूरी सामान मिलता रहेगा। देश में इस संक्रमण के कारण पहली बार लॉकडाउन किया गया है। यहां पहली से आठवीं तक की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सभी को जनरल प्रमोशन दिया जाएगा। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवने ने कोविड-19 से निपटने की सुरक्षाबलों की तैयारियों की समीक्षा की। आर्मी की एडवाइजरी के अनुसार, 35% अधिकारी और 50% जवान 23 मार्च से एक सप्ताह तक घर से काम करेंगे। 30 मार्च को दूसरा समूह वर्क फ्रॉम होम करेगा।
सेना की एडवाइजरी की अहम बातें
- सभी कॉन्फ्रेंस और सेमिनार 15 अप्रैल तक टाले गए।
- एनुअल मेडिकल एग्जामिनेशन (एएमई) और पीरियोडिक मेडिकल एग्जामिनेशन (पीएमई) 15 अप्रैल तक टाले गए।
- जो जवान छुट्टी पर हैं उनकी छुट्टी 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
- सभी अफसरों और जवानों की पोस्टिंग स्थगित कर दी गई है।
- 15 अप्रैल तक अधिकारियों को किसी भी असाइनमेंट के लिए विदेश जाने पर रोक।
लंदन से लौटा युवक तेलंगाना में संक्रमित मिला
गुजरात में आज संक्रमण के दो केस सामने आए। यहां कुल मामले सात हो गए हैं। वहीं, तेलंगाना के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि हैदराबाद में लंदन से लौटे युवक में कोरोनावायरस से संक्रमण का मामला सामने आया है। राज्य में अब 17 मामले हो गए हैं। कोरोनावायरस के चलते हरियाणा में धारा-144 लगा दिया गया है। राज्य सरकार ने लोगों की भीड़ न जुटे इसकी वजह से यह फैसला लिया है। उधर, तुर्की से लौटे हरियाणा के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। टोक्यो ओलिंपिक्स के लिए क्वॉलिफाई कर चुके जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा कोरोनावायरस की वजह से भारत लौट आए हैं।